रीप परियोजना से भीमताल की महिलाओं को मिली आत्मनिर्भरता की नई राह

WhatsApp Channel Join Now
रीप परियोजना से भीमताल की महिलाओं को मिली आत्मनिर्भरता की नई राह


नैनीताल, 29 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के संकल्प के अनुरूप जनपद नैनीताल में संचालित रीप परियोजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों एवं महिला संगठनों को स्वरोजगार से जोड़कर स्थायी आजीविका उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में विकासखंड भीमताल के ज्योलीकोट स्थित उड़ान सीएलएफ से जुड़ी गीता नेगी पिछले दो वर्षों से मोमबत्ती निर्माण इकाई का सफल संचालन कर रही हैं। यह इकाई महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बन गई है। इस इकाई में सुगंधित, सजावटी, उपहार तथा विभिन्न आकर्षक डिजाइनों की मोमबत्तियां तैयार की जा रही हैं। इन उत्पादों की स्थानीय बाजार के अलावा विभिन्न मेलों एवं प्रदर्शनियों में भी अच्छी मांग है। गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के कारण इनकी पहचान लगातार बढ़ रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रीप परियोजना के अंतर्गत इस इकाई को छह लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। इस सहायता से आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था, उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ने में मदद मिली है। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में संचालित यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ा रही है। परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। जिला प्रशासन के अनुसार भीमताल की यह पहल दर्शाती है कि रीप परियोजना के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story