लोअर माल रोड के 40 मीटर हिस्से में आरसीसी निर्माण का कार्य पूरा, दो सप्ताह में खुलने की उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
लोअर माल रोड के 40 मीटर हिस्से में आरसीसी निर्माण का कार्य पूरा, दो सप्ताह में खुलने की उम्मीद


नैनीताल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नगर की ऐतिहासिक लोअर माल रोड के क्षतिग्रस्त 40 मीटर हिस्से में आरसीसी स्लैब निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। अब इस हिस्से में रेलिंग लगाने और सड़क को दोनों ओर से जोड़ने के लिए रैंप बनाने का काम शेष है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता तुला राम ने बताया कि ये कार्य अगले दो सप्ताह में पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद मार्ग को वाहनों के आवागमन के लिए खोलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि लोअर माल रोड का लगभग 25 मीटर हिस्सा सितंबर 2018 में नैनी झील की ओर धंसकर झील में समा गया था। उस समय जियो बैग और नेलिंग जैसी तकनीकों से अस्थायी सुरक्षा कार्य कराकर यातायात संचालित किया गया। इसके बाद सड़क के स्थायी सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता बनी रही। वर्ष 2022 में स्थायी उपचार के लिए 3.48 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई, लेकिन विशेषज्ञ ठेकेदार नहीं मिलने के कारण निविदा प्रक्रिया कई बार करनी पड़ी।

बीते वर्ष 14-15 सितंबर 2025 को जिला पर्यटन कार्यालय के पास सड़क पर फिर बड़ी दरारें उभरीं और एक हिस्सा फिर झील की ओर धंस गया। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से लोअर माल रोड पर यातायात बंद कर दिया गया और वाहनों को अपर माल रोड से संचालित किया जाने लगा। सड़क के स्थायी उपचार का काम सितंबर 2025 में शुरू हुआ। शुरुआती योजना के तहत 40 मीटर हिस्से का उपचार किया जाना था और कार्य को जनवरी 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।

निर्माण के दौरान तकनीकी कठिनाइयों और भू-तकनीकी परिस्थितियों के कारण काम में लगातार देरी हुई। ड्रिलिंग के दौरान मिट्टी की परतों के ढहने की समस्या सामने आने पर तकनीक और डिजाइन में बदलाव करना पड़ा। बाद में माइक्रो पाइलिंग की संख्या बढ़ाकर 51 की गई। जुलाई 2026 में मिले संशोधित डिजाइन में उपचार का दायरा 40 मीटर से बढ़ाकर 70 मीटर करने का प्रावधान भी किया गया और इसके लिए अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत हुई। इन बदलावों के साथ मशीनों और पाइपों की व्यवस्था तथा वर्षा के कारण भी काम प्रभावित हुआ।

कार्य में देरी को लेकर जून 2026 में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग से स्पष्टीकरण मांगा था और कार्यस्थल की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। अगस्त में भी कार्य पूरा होने की समयसीमा को लेकर सवाल उठे थे। अब 40 मीटर हिस्से में आरसीसी स्लैब निर्माण पूरा होने के बाद रेलिंग और एप्रोच रैंप का निर्माण शेष है। अब विभाग के अनुसार, इन कार्यों को पूरा कर अगले दो सप्ताह में मार्ग को वाहनों के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story