पेपर लीक और प्रवेश व्यवस्था के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पेपर लीक और प्रवेश व्यवस्था के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन


पौड़ी गढ़वाल, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और स्नातक प्रवेश प्रक्रिया में हो रही समस्याओं के विरोध में राठ महाविद्यालय पैठाणी छात्र परिषद, एनएसयूआई व क्षेत्रीय युवाओं ने रैली निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजते हुए भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और मेरिट आधारित प्रवेश व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।

सिलोली पुल से शुरू हुई रैली मुख्य बाजार से होते हुए तहसील परिसर पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई। छात्र परिषद अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे मेहनत करने वाले छात्रों का सरकार और भर्ती व्यवस्था पर विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है।

सभा को विमल कुमार, अखिलेश कागड़ियाल, रुचिता, हिमानी, काजल, शिवानी, शुभम, गोलू कौशिक, सनोज और रेवाधर सहित कई छात्र नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने स्नातक स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया को मेरिट के आधार पर संचालित करने की मांग की। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मेरिट आधारित प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र विश्वविद्यालय मुख्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story