विकासनगर में बनेगा सैनिक विश्राम गृह, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक में प्रतीक्षा कक्ष का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
विकासनगर में बनेगा सैनिक विश्राम गृह, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक में प्रतीक्षा कक्ष का उद्घाटन


देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को विकासनगर स्थित पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) पॉलीक्लिनिक के नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विकासनगर में सैनिक विश्राम गृह बनाने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को हरबर्टपुर स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक परिसर में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि विकासनगर आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिजन विभिन्न कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। सैनिक विश्राम गृह बनने से उन्हें क्षेत्र में ठहरने की सुविधा मिलेगी। वहीं, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय और पॉलीक्लिनिक एक ही परिसर में होने से लाभार्थियों को अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।

मंत्री जोशी ने कहा कि नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष से पॉलीक्लिनिक और कैंटीन आने वाले पूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को धूप, ठंड और बारिश में इंतजार करने से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में विकासनगर में ईसीएचएस कैंटीन और पॉलीक्लिनिक की शुरुआत किराये के भवन में हुई थी। वर्ष 2024 में इन्हें रक्षा भूमि पर स्थापित कर संचालित किया गया। इससे पछवादून और विकासनगर क्षेत्र के पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देहरादून जाने की जरूरत काफी हद तक कम हुई है।

मंत्री ने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले सैनिकों और उनके परिजनों को सम्मानजनक तथा सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है।

इस अवसर पर विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान, हरबर्टपुर नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत,डिप्टी जीओसी सब एरिया ब्रिगेडियर आरएस थापा, लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल घोरसी और निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेवानिवृत्त) सहित अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story