लगातार दूसरे दिन बारिश-ओलावृष्टि, फसलों को भारी नुकसान, किसानों को मुआवजा देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
लगातार दूसरे दिन बारिश-ओलावृष्टि, फसलों को भारी नुकसान, किसानों को मुआवजा देने की मांग


नैनीताल, 04 मई (हि.स.)। नैनीताल जनपद मुख्यालय सहित पूरे जनपद में सोमवार सुबह तक लगातार दूसरे दिन भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे मौसम गर्मियों के मौसम में खुशनुमा और एक तरह से गर्मियों के माह में सर्दियों और बरसात के मौसम का मिश्रण सा हो गया।

इससे जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानों को काफी नुकसान बताया जा रहा है, जबकि जनपद मुख्यालय में इस दौरान भारी मात्रा में गंदगी और मलबा नैनी झील में समा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़, धारी और ओखलकांडा विकासखंडों की फल पट्टी में बेमौसमी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि से किसानों व बागवानों को भारी नुकसान हुआ है। आलू, मटर, गेहूं, धनिया और मसूर की फसलें कई गांवों में पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, वहीं आड़ू, पुलम, खुबानी, सेब और नाशपाती के बौर व फल गिरने से आगामी उत्पादन पर भी संकट मंडरा रहा है।

कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि इतनी तीव्र रही कि खेत मोटे-मोटे ओलों से बर्फ जैसी सफेद परत से ढक गए। भाजपा जिला मंत्री एवं पूर्व सैनिक कुंदन सिंह चिलवाल ने इस पर सरकार और प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों से वास्तविक नुकसान का आकलन कर पारदर्शिता के साथ राहत प्रदान की जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस बेमौसम की आपदा से किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक दयनीय हो गई है, ऐसे में त्वरित सहायता अत्यंत आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story