मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल


नई टिहरी, 28 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। कहा कि 44 संगठनों के करीब 104 दिन तक चले आंदोलन के बाद भी मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्थिति साफ नहीं है। जनता के साथ छलावा किया जा रहा है। कांग्रेस की सरकार बनी तो नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा।

शनिवार को पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता भट्ट ने कहा कि वर्ष 2007 से ही कांग्रेस ने टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने की कवायद शुरू की। वर्ष 2012 के चुनाव घोषणा पत्र में भी मेडिकल कॉलेज स्थापना का वादा शामिल किया गया था, लेकिन अल्पमत की सरकार होने से यह कार्य संभव नहीं हो पाया। कहा कि टिहरी में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, होटल मैनेजमेंट कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, श्रीदेव सुमन विवि और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना कांग्रेस के कार्यकाल में हुई।

डोबरा-चांठी पुल निर्माण की पहल भी कांग्रेस ने की थी। आरोप लगाया कि भाजपा ने टिहरी के विकास और जन भावनाओं की लगातार अनदेखी की है। कहा कि स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने भागीरथीपुरम के इणिया में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित होने का दावा किया था। मेडिकल कॉलेज के लिए करीब 15 हेक्टेयर भूमि चिह्नित किए जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन प्रस्तावित भूमि अब तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के नाम हस्तांतरित नहीं हुई है।

ऐसे में भूमि हस्तांतरण से पहले कार्यदायी संस्था नामित करने और डीपीआर तैयार होने की प्रक्रिया पर सवाल उठना स्वाभाविक है। स्वास्थ्य सचिव की ओर से टीएचडीसी को भेजे गए पत्र पर भी सवाल उठाए। जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडलवाल ने अपने कार्यकाल के एक साल की उपलब्धि गिनाई। कहा एसआईआर, पेपरलीक, भ्रष्टाचार, छात्रों की गूंज, परिवर्तन यात्रा, अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष किया और जनता को सरकार की नाकामी बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story