ग्रामीणों ने खिर्सू में आयोजित शिविर में गिनवाई समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीणों ने खिर्सू में आयोजित शिविर में गिनवाई समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 11 जुलाई (हि.स.)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण थीम के तहत विकासखंड खिर्सू सभागार में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की 12 बालिकाओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

आज आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने खिर्सू में पेयजल वितरण व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, समाज कल्याण पेंशन, श्रीनगर-खिर्सू मोटर मार्ग पर मलबा आने जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने पेयजल लाइन का सर्वे कर नई योजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के साथ ही खंड विकास अधिकारी को ब्लाक परिसर में पेयजल कनेक्शन तत्काल लेने को कहा।

स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जिलाधिकारी ने अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने व जरूरत पड़ने पर मरीजों को खुशियों की सवारी के माध्यम से पास के अस्पताल में पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का काम कर रही है।

कहा कि जनसेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। शिविर में एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार, दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 12 बालिकाओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

अतिथियों ने महिला सुविधा के लिए स्थापित सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन के साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का निरीक्षण किया। इस मौके पर पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, एसडीएम नूपुर वर्मा, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. विशाल शर्मा, सीईओ अत्रेय सयाना आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story