स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा जनआक्रोश, बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर विरोध

WhatsApp Channel Join Now
स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा जनआक्रोश, बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर विरोध


हल्द्वानी , 19 जुलाई (हि.स.)। स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को पूर्व राज्य मंत्री एवं कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बुद्ध पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार लोगों पर जबरन स्मार्ट मीटर थोप रही है।

उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि स्मार्ट मीटर आम जनता के लिए राहत नहीं बल्कि परेशानी का कारण बन गए हैं।

उन्होंने सरकार से तत्काल स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने व बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story