मेडिकल कॉलेज निर्माण को बेमियादी धरना जारी, मशाल जुलूस निकाला

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज निर्माण को बेमियादी धरना जारी, मशाल जुलूस निकाला


नई टिहरी, 15 सितंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति का धरना और क्रमिक अनशन जारी रहा। आंदोलनकारियों ने बीते सोमवार शाम को बौराड़ी नगर क्षेत्र में मशाल जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।

आंदोलनकारियों ने कहा कि एक माह बीतने के बावजूद सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने जल्द शासनादेश जारी करने की मांग की। मंगलवार को गणेश चौक बौराड़ी में धरने का 31 वां और क्रमिक अनशन का 15वां दिन रहा।

संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन में मंगलवार को पूर्व छात्र नेता अमित रतूड़ी, राहुल बुटोला क्रमिक अनशन पर बैठे। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट का सत्याग्रह 44 वें भी जारी रहा। बीती शाम को आंदोलनकारियों ने गणेश चौक से होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर मशाल जुलूस निकालकर सरकार पर जमकर बरसे। कहा कि स्थानीय विधायक की चिट्टी दर-दर और मेडिकल कॉलेज बन रहा,सुनते-सुनते यहां के लोगों के खान पक गए हैं। लेकिन वह अपने 15 साल के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज धरातल पर नहीं उतार पाए हैं।

जिसके चलते यहां के सामाजिक संगठनों और आमजन मानस को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। इस मौके पर लखवीर चौहान, देवेंद्र नौडियाल, कुलदीप पंवार, देवांश चमोली, पर्वत कुमाईं, मनोज उनियाल, गंगा भगत नेगी, संदीप रावत मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story