शिक्षा निदेशालय में हुई घटना के विरोध में कर्मचारियों का प्रदर्शन
बागेश्वर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। देहरादून स्थित शिक्षा निदेशालय में हुई एक घटना के विरोध में बागेश्वर जनपद में भी कर्मचारियों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि शासकीय कार्य में हस्तक्षेप और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार स्वीकार्य नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से एक निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने जोर दिया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस प्रदर्शन में विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने एकजुटता का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

