साइबर ठगी से बचाव को विद्यार्थियों को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 12 सितंबर (हि.स.)। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी में देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत साइबर जागरूकता एवं सुरक्षा और आपदा प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक और वेबसाइट समेत साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने साइबर अपराध की शिकायत और रोकथाम के लिए उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी टोल फ्री नंबरों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। प्रभारी प्राचार्य डॉ. दिनेश रावत ने कहा कि डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ने के साथ साइबर अपराध का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों और आम नागरिकों को डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतनी चाहिए।

विषय विशेषज्ञ डॉ. सतवीर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने ओटीपी किसी के साथ साझा न करने, संदिग्ध लिंक और ई-मेल पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने, मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने तथा व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी को सुरक्षित रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए। इस अवसर पर डॉ. कुमार गौरव जैन, डॉ. कल्पना रावत, डॉ. खिलाप सिंह, डॉ. उर्वशी, डॉ. आलोक कंडारी और डॉ. प्रकाश फोंदणी समेत शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story