नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित

WhatsApp Channel Join Now
नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित


नई टिहरी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जनपद की लचर स्वास्थ्य सेवाओं पर सदस्यों ने सवाल उठाए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला के नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने के प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित किया गया। वहीं जिला अस्पताल बौराड़ी के सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल को अस्पताल में यथावत रखने की मांग की गई। साथ ही अस्पताल में स्थाई रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग उठाई।

शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में सदस्यों ने विभिन्न समस्याएं दर्ज कराईं। सबसे ज्यादा चर्चा खराब स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने पर हुई। जिला पंचायत सदस्यों ने जिला अस्पताल में डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराने, जन औषधि केंद्र खोलने, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती सहित टेलीमेडिसिन सुविधाओं के विस्तार की मांग की।

सदस्य अनुज शाह ने पिलखी, बेलेश्वर, विजयपाल रावत ने सेमंडीधार, सीता रावत ने जौनपुर के स्वास्थ्य केंद्रों को ठीक करने की मांग की। सुनील जुयाल ने प्राथमिक मैंडखाल पीएचसी का उच्चीकरण, पुष्पा रावत ने सीएचसी बागी को उप जिला चिकित्सालय बनाने की मांग की। सदस्य राजेंद्र रागड़ ने थौलधार के सीएचसी कंडीसौड़ में अल्ट्रासाउंड मशीन, 108 एंबुलेंस की व्यवस्था करने क मांग की।

सीएमओ डॉ. रामप्रकाश सदस्यों के सवालों में उलझे दिखे। बैठक में सदस्यों ने जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने से संबंधित जानकारी भी ली। लक्ष्मी देवी ने खोलगढ़ में एएनएम सेंटर खोले जाने की पूर्व में उठाई गई मांग पर कार्रवाई को पूछा। पुष्पा रावत ने क्षेत्र के गांवों में पेयजल किल्लत का मामला उठाते हुए जमकर हंगामा किया। जिस पर जल निगम ने दिसम्बर माह तक समस्या हल करने की बात कही।

सदस्य दर्शनी रावत ने मेडिकल कॉलेज निर्माण इणियां में कराने का प्रस्ताव रखा। सीडीओ वरूणा अग्रवाल ने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों को यू कोट-वी पे योजना के तहत आवेदन मांगने पर भी कोई सेवा देने को तैयार नहीं है। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सदन में उठाए सवालों पर कार्यवाही करते हुए संबंधित को सूचना उपलब्ध कराएं। इस मौके पर एएमए गणेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765654 Articles

Share this story