शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उत्तराखंड की साक्षरता उपलब्धि को बताया प्रेरणादायी

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उत्तराखंड की साक्षरता उपलब्धि को बताया प्रेरणादायी


देहरादून, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के ‘पूर्ण साक्षर राज्य’ बनने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राज्य सरकार को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश की सामूहिक प्रतिबद्धता, दूरदर्शी नेतृत्व और शिक्षा के प्रति जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे बधाई संदेश में कहा है कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड ने उल्लास (नव भारत साक्षरता कार्यक्रम) के तहत निर्धारित समय से पहले पूर्ण साक्षर राज्य का दर्जा हासिल कर देश के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रदेशवासियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उत्तराखंड ने वयस्क साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक दर्ज की है, जो राष्ट्रीय मानक 95 प्रतिशत से भी अधिक है।

प्रह्लाद जोशी ने कहा कि उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से वयस्क शिक्षार्थियों को आधारभूत साक्षरता, जीवनोपयोगी कौशल, डिजिटल साक्षरता और निरंतर सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री की ओर से दी गई बधाई प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल साक्षरता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और आजीवन सीखने के अवसर उपलब्ध कराकर उत्तराखंड को ज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story