नैनीताल की बेटी प्रज्ञा पांडे ने अमेरिका में हासिल की बड़ी उपलब्धि
नैनीताल, 03 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल की बेटी प्रज्ञा पांडे का चयन अमेरिका की बहुराष्ट्रीय कंपनी पीडब्ल्यूसी में वरिष्ठ सहयोगी के पद पर हुआ है। प्रज्ञा की प्रारंभिक शिक्षा सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल नैनीताल में हुई है। इसके बाद उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की।
श्रेष्ठ प्रदर्शन के चलते उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से फ्रांस में प्रशिक्षण का अवसर मिला। बाद में उन्होंने हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान से एमबीए किया और परिसर चयन के माध्यम से पीडब्ल्यूसी इंडिया में उनकी नियुक्त हुईं है।
प्राप्त जानकारी के अनुार भारत में पीडब्ल्यूसी इंडिया और ग्रांट थॉर्नटन जैसी कंपनियों में सेवाएं देने के बाद उन्होंने 2025 में त्यागपत्र दिया। इसके बाद अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को विश्वविद्यालय से विपणन आसूचना में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की और अब पीडब्ल्यूसी अमेरिका में वरिष्ठ सहयोगी के पद पर चयनित हुई हैं।
प्रज्ञा के पिता मनोज पांडे सीआरएसटी इंटर कॉलेज नैनीताल के प्रधानाचार्य और माता मंजू पांडे जूनियर हाईस्कूल मल्लीताल में सहायक अध्यापक हैं। प्रज्ञा ने सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और पति नीलेश लोहनी को दिया है। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कुमाऊं विश्वविद्यालय कूटा अध्यक्ष डॉ. ललित तिवारी तथा अन्य शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

