टिहरी जिले के पांच स्थानों पर खुलेंगे प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र: डीएम

WhatsApp Channel Join Now
टिहरी जिले के पांच स्थानों पर खुलेंगे प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र: डीएम


नई टिहरी, 08 सितंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कृषि विपणन अवसंरचना और कृषि अवसंरचना कोष के अभिसरण से पैक्स के लिए अन्न भंडारण योजना के तहत चयनित समितियों, निर्माण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

सहायक निबंधक पान सिंह राणा ने बताया कि पैक्स के लिए अन्न भंडारण योजना के तहत जिले की मंजगांव, म्याणी, ढालवाला, कमांद और कौड़ियाला समिति चयनित की हैं।एमपैक्स कोड़ियाला के पोर्ट ट्रेडिंग स्थल परिवर्तन के संबंध में उन्होंने जानकारी दी। बताया पूर्व स्थल पर मुख्य सड़क मार्ग से प्रस्तावित गोदाम तक लगभग 20 मीटर के ट्रैक पर आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता नहीं था। अब ग्राम पंचायत नाई में स्थल का चयन किया गया है।

डीएम ने निर्देश दिए कि स्थल निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही एसडीएम नरेंद्रनगर को भी स्थल का निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा। डीएम ने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जनपद में कुल पांच जन औषधि केंद्र खोले जाने का लक्ष्य है। जिसमें मलेथा, चंबा, मुखेम, चामाकेमर और ढालवाला शामिल है। चार जन औषधि केंद्रों को प्रारंभिक एवं सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।

वहीं मलेथा, चंबा एवं ढालवाला के जन औषधि केंद्रों को ड्रग लाइसेंस एवं स्टोर कोड भी प्राप्त हो चुके हैं। इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, डीडीओ मोहम्मद असलम, डीएसओ सुनील बडोनी, डीसीबी महाप्रबंधक राहुल गैरोला मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story