पचास घंटे बाद कपरोली गांव में बहाल हुई विद्युत आपूर्ति, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कीर्तिनगर ब्लॉक के कपरोली गांव में 50 घंटे से अधिक समय तक ठप रही विद्युत आपूर्ति आखिरकार रविवार देर रात सुचारू हो गई। जिससे गांव के 300 से अधिक परिवारों ने राहत की सांस ली। लंबे समय तक बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से बिजली न होना किसी खतरे से खाली नहीं था।

बता दें कि कपरोली गांव में पूर्व में गुलदार कई मवेशियों को निवाला बना चुका है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बना था। ऐसे में 50 घंटे से अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई। रात के समय गांव में अंधेरा छाए रहने के कारण ग्रामीण अतिरिक्त सतर्कता बरतने को मजबूर थे। उपखंड अधिकारी प्रियंका नेगी से इस मामले में गांव के नरेंद्र सिंह ने शिकायत करते हुए बताया कि बीते शनिवार सुबह 6 बजे से गांव में बिजली गायब है। जिसके बाद उपखंड अधिकारी ने बताया कि विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी।

विभाग की ओर से देर रात समस्या का समाधान कर विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अब नियमित रूप से बिजली का संचालन किया जा रहा है। 50 घंटे से अधिक समय तक बिजली संकट झेलने के बाद आपूर्ति बहाल होने से कपरोली गांव के 300 से अधिक परिवारों को राहत मिली है। हालांकि, इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की विश्वसनीयता और समय पर तकनीकी खराबी दूर करने की आवश्यकता को एक बार फिर सामने ला दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759397 Articles

Share this story