ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हो रहे प्रयास

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हो रहे प्रयास


ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हो रहे प्रयास


पौड़ी गढ़वाल, 21 नवंबर (हि.स.)।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही हैं। इसकी एक प्रेरक मिसाल विकासखंड पोखड़ा के ग्राम गडरी निवासी पूजा देवी हैं, जिन्होंने परियोजना के सहयोग से अपना जनरल स्टोर स्थापित कर गृहणी से सफल उद्यमी तक का सफर तय किया है।

आज वह अपने व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 22,500 रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

पूजा देवी वर्ष 2020 में जय गणेश स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्राम संगठन की बैठकों के माध्यम से स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद वह ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत गठित सहकारिता से भी जुड़ीं। इन बैठकों और गतिविधियों से प्रेरित होकर उन्होंने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया।

वर्ष 2025 में ग्राम संगठन की बैठक में ग्रामोत्थान परियोजना के तहत संचालित व्यक्तिगत उद्यम योजना की जानकारी मिलने पर पूजा देवी ने जनरल स्टोर स्थापित करने के लिए आवेदन किया। परियोजना के अंतर्गत उन्हें गैर-कृषि आजीविका गतिविधि के लिए कुल तीन लाख रुपये की वित्तीय व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। इसमें 1.50 लाख रुपये बैंक ऋण, 75 हजार रुपये स्वयं का अंशदान तथा 75 हजार रुपये ग्रामोत्थान परियोजना की सहयोग राशि शामिल है। इस सहयोग से उन्होंने 'सानवी जनरल स्टोर' की शुरुआत की।

वर्तमान में पूजा देवी के जनरल स्टोर का मासिक कारोबार लगभग 50 हजार रुपये और वार्षिक कारोबार करीब छह लाख रुपये है। व्यवसाय से वह प्रतिमाह लगभग 22,500 रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रही हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं। पूजा देवी अब अपने व्यवसाय का सफलतापूर्वक संचालन करने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। एक गृहणी से उद्यमी तक का उनका यह सफर ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण है।

ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और व्यक्तिगत उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पूजा देवी की सफलता दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग से ग्रामीण महिलाएं भी अपना व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story