कानून व्यवस्था को लेकर महिला कांग्रेस के आरोप निराधार : मनवीर चौहान

WhatsApp Channel Join Now
कानून व्यवस्था को लेकर महिला कांग्रेस के आरोप निराधार : मनवीर चौहान


देहरादून, 30 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कानून व्यवस्था को लेकर महिला कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की ओर से दुष्प्रचार किया जा रहा है, जबकि राज्य सरकार ने महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनवीर चौहान ने कहा कि विपक्ष को नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर महिला उत्थान के लिए उठाए गए कदमों को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के हित में लिए गए निर्णय राज्य ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित 'लखपति दीदी' योजना एक महत्वपूर्ण पहल है, जबकि क्षैतिज आरक्षण को ऐतिहासिक कदम बताया। स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है और “घसियारी योजना” के जरिए उनके श्रम भार को कम करने का प्रयास किया गया है।

चौहान ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को महिलाओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कानून उन्हें धोखाधड़ी और शोषण से बचाने में सहायक है। इसके तहत पहचान उजागर करना अनिवार्य होने से अपराधों पर अंकुश लगेगा। साथ ही, सख्त धर्मांतरण कानून को भी महिलाओं के हित में प्रभावी कदम बताया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अपराधों के मामलों में नियमित रूप से प्राथमिकी दर्ज की जा रही है, निष्पक्ष विवेचना हो रही है और आरोपों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके विपरीत, कांग्रेस शासनकाल में शिकायत दर्ज कराने तक के लिए लोगों को आंदोलन करना पड़ता था। चौहान ने कहा कि राज्य में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, जिससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने दोहराया कि सरकार महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कांग्रेस के आरोपों का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि देवभूमि उत्तराखंड, जो अपनी शांति, पर्यटन और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए जाना जाता है, वर्तमान में बढ़ते महिला अपराधों के कारण चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story