यूकेडी कार्यकर्ता गिरफ्तार,भाजपा पर वीआईपी को बचाने का आरोप
हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा जिला मुख्यालय में शनिवार काे प्रदर्शन करने जा रहे उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रूड़की गणेशपुर पुल के समीप रोककर हिरासत में ले लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई, जिससे कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
यूकेडी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अंकिता हत्याकांड मामले में भाजपा एक वीआईपी को बचाने का प्रयास कर रही है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि संबंधित वीआईपी भाजपा जिला मुख्यालय पहुंचने वाला है, जिसके विरोध में वे घेराव करने जा रहे थे।
जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार मनमानी कर रही है और उत्तराखंड की जनता से जुड़े मुद्दों को दबाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल इस तानाशाही रवैये को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखेगा।
यूकेडी नेत्री रीतू कंडियाल ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और आम जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। उनके अनुसार भाजपा सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने हक की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। फिलहाल पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। हालांकि यूकेडी ने स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

