जनगणना 2027: निजता के मुद्दे पर सियासत गरम, युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना 2027: निजता के मुद्दे पर सियासत गरम, युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा


हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। आगामी जनगणना 2027 को लेकर हरिद्वार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रेस क्लब सभागार में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने भाजपा सरकार और हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना के नाम पर आम नागरिकों की निजता में हस्तक्षेप किया जा रहा है।

प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए कैश खुराना ने कहा कि जनगणना के लिए निर्धारित 33 सवालों में कई ऐसे प्रश्न शामिल हैं, जो सीधे तौर पर लोगों की निजी जिंदगी और जीवनशैली से जुड़े हैं। उनका कहना है कि इस प्रक्रिया के जरिए सरकार नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी एकत्र कर रही है, जिससे निजता का उल्लंघन होने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि घर में उपलब्ध सुविधाएं, आय के स्रोत, वाहन, मोबाइल फोन का उपयोग, इंटरनेट बैंकिंग सेवाओं की जानकारी जैसे सवाल आम नागरिकों से पूछे जा रहे हैं। खुराना ने सवाल उठाया कि इतनी विस्तृत जानकारी जुटाने का उद्देश्य क्या है और इसके दुरुपयोग से बचाने के लिए सरकार के पास क्या सुरक्षा तंत्र है।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विधायक मदन कौशिक से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि जनगणना के नाम पर इस तरह की संवेदनशील जानकारी क्यों एकत्र की जा रही है।

खुराना ने आरोप लगाया कि सरकार इस डेटा का दुरुपयोग कर सकती है, जिससे नागरिकों की गोपनीयता खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने मांग की कि जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और केवल आवश्यक जानकारी ही एकत्र की जाए।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि जनगणना के नाम पर लोगों की निजी जानकारी से छेड़छाड़ की गई, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story