युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने शिवम का अभिनंदन

WhatsApp Channel Join Now
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने शिवम का अभिनंदन


हरिद्वार, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरी हरिद्वार स्थित बैरागी धर्मशाला में गिरि समाज द्वारा युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव शिवम गिरि का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि वीरेंद्र रावत पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश का युवा अब जागरूक हो चुका है और वह कांग्रेस में अपना भविष्य सुरक्षित देख रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने शिवम गिरि को अपना समर्थन देकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है और उन्हें विश्वास है कि शिवम गिरि प्रदेश में युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा गिरि समाज को सम्मान देने का कार्य किया है।

इस अवसर पर प्रणवानंद महाराज (विश्नोई आश्रम, भीमगोड़ा के परमाध्यक्ष) ने शिवम गिरि को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे समाज के युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर उनका भविष्य उज्ज्वल करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. अशोक गिरि ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने समय-समय पर गिरि समाज को सम्मानित किया है और शिवम गिरि का प्रदेश महासचिव पद पर नियुक्त होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव शिवम गिरि ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, वे उसे पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ निभाएंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर महंत विश्वात्मानंद महाराज, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, रामकिशोर गिरि, पंकज गिरि, प्रदीप गिरि, सुभाष कपिल, सतीश गुजराल, शुभम जोशी, विशाल गिरि, अखिलेश गिरि, गौरव गिरि, नितिन तेश्वर, मनोज सैनी, सोम त्यागी, पार्षद महावीर वशिष्ठ, कैलाश भट्ट, तेलूराम प्रधान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story