शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला: नीट पेपर लीक, सीबीएसई मूल्यांकन पर केंद्र सरकार पर बरसे आलोक शर्मा
हरिद्वार, 28 मई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने गुरुवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में नीट पेपर लीक मामले, सीबीएसई मूल्यांकन प्रक्रिया की खामियों को उठाते हुए भाजपा सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कठघरे में खड़ा किया।
पत्रकार वार्ता के दौरान आलोक शर्मा ने कहा कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय मामलों को दबाने में लगी हुई है।
उन्होंने नीट परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस संस्था को देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी गई, उसी की कार्यप्रणाली अब संदेह के घेरे में है।उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में सामने आए नीट पेपर लीक मामले में जिन लोगों की भूमिका पहले सवालों में रही, उन्हीं लोगों को फिर से जिम्मेदारी सौंप दी गई, जिससे साफ जाहिर होता है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और अभिभावकों के विश्वास को लगातार कमजोर कर रही है।
सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। कई छात्रों को उम्मीद से बेहद कम अंक मिले, जिसके बाद शिकायतें सामने आने पर अंकों में सुधार किया गया। उन्होंने कहा भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह तथा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय सैनी भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

