गैरसैंण सत्र पर कांग्रेस के सवालों का मुन्ना सिंह चौहान ने दिया जवाब, यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह पर साधा निशाना
देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में विधानसभा सत्र और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक को लेकर कांग्रेस नेताओं के बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगस्त 2025 में समिति से इस्तीफा देने वाले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह अब किस आधार पर सवाल उठा रहे हैं।
मुन्ना सिंह चौहान ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार गैरसैंण की गरिमा, जनभावनाओं और पर्वतीय विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी का दर्जा दिया और वहां विकास कार्यों के लिए बजट का प्रावधान करने के साथ सड़क, पेयजल और प्रशासनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गैरसैंण को लेकर उसके नेताओं का विरोध राजनीतिक दिखावा है। चौहान के अनुसार, जब भी गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित होता है, कांग्रेस नेताओं को जनहित के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए, लेकिन वे हंगामा और वॉकआउट का रास्ता अपनाते हैं। उन्होंने मार्च 2026 के बजट सत्र का उल्लेख करते हुए भी कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाए।
भाजपा विधायक ने कहा कि 27 और 28 अक्टूबर को प्रस्तावित विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस को सत्र की अवधि पर सवाल उठाने के बजाय गैरसैंण के विकास, स्थानीय समस्याओं और पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर ठोस सुझाव देने चाहिए।
चौहान ने कहा कि यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह ने अगस्त 2025 में विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति से इस्तीफा दिया था। ऐसे में उन्हें अपने पुराने रुख पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायी और प्रशासनिक सहूलियत तथा सभी दलों के नेताओं की समयबद्ध उपस्थिति को ध्यान में रखकर बैठक संबंधी निर्णय लिए जाते हैं।
उन्होंने कांग्रेस की परिवर्तन रैलियों पर भी टिप्पणी करते हुए दावा किया कि उन्हें जनसमर्थन नहीं मिल रहा है और पार्टी अपनी राजनीतिक विफलता का ठीकरा सरकार तथा विधानसभा सचिवालय पर फोड़ने का प्रयास कर रही है।
मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि गैरसैंण में विकास योजनाओं का आकलन उनके धरातलीय क्रियान्वयन के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि सत्ता में रहते हुए उसने गैरसैंण के विकास के लिए क्या ठोस कदम उठाए थे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

