भाजपा की मासिक जिला बैठक में संगठन विस्तार और बूथ मजबूती पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की मासिक जिला बैठक में संगठन विस्तार और बूथ मजबूती पर दिया जोर


हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। भाजपा के जिला कार्यालय जगजीतपुर में गुरुवार को भाजपा की मासिक जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मां ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट और संजीव चौधरी ने किया।

बैठक में इस माह आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा ने मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों से मंडलों में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग, मन की बात कार्यक्रम तथा अन्य अभियानों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्षों को बूथ स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करनी होगी और मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में सुनकर सरल ऐप पर अपलोड करना सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रत्येक माह बूथ, मंडल और जिला स्तर पर संगठनात्मक बैठकों का आयोजन अनिवार्य किया जा रहा है। साथ ही हर माह के अंतिम रविवार को सभी कार्यकर्ताओं को मन की बात कार्यक्रम सुनने के निर्देश दिए गए हैं। दीपक धमीजा ने हरिद्वार में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्गों से कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति और कार्यशैली की गहन जानकारी मिलती है।

जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से हरिद्वार जिला भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि जिले के अंतर्गत पांच विधानसभा सीटें आती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर भाजपा को बड़े अंतर से विजय दिलाने के लिए बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रदेश की धामी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं, पिछड़े वर्गों और अनुसूचित वर्ग सहित सभी वर्गों के लिए कार्य किया है तथा पिछले पांच वर्षों में रिकॉर्ड संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का काम किया है।

बैठक में पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से मितव्ययता अपनाने की अपील का भी उल्लेख किया गया। आशुतोष शर्मा ने कहा कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच प्रधानमंत्री की अपील को लेकर विपक्ष भ्रामक प्रचार कर रहा है, जबकि कार्यकर्ताओं को स्वयं भी इस संदेश का पालन करते हुए जनजागरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनहितैषी नीतियों के कारण वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद देशवासियों को पूर्व की भांति सब्सिडी का लाभ मिल रहा है।

बैठक में पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर, सीमा चौहान, आशु चौधरी, संदीप अग्रवाल, निपेंद्र सिंह, प्रीति गुप्ता, जसबीर बसेड़ा, तेलूराम प्रधान, एजाज हसन, रितु ठाकुर, भूप सिंह, अमरीश सैनी, मनोज गौतम, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story