बैंकों से लेकर चौक-चौराहों तक पुलिस का कड़ा पहरा, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 19 अगस्त (हि.स.)। अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश में जनपदभर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रख रही हैं।

अभियान के तहत पुलिस द्वारा सरकारी, निजी और ग्रामीण बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस टीमों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा कर्मियों से समन्वय कर सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा इंतजाम और बैंक परिसर में भीड़ प्रबंधन समेत विभिन्न सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। सड़कों पर चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान में दोपहिया और चौपहिया वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट और अन्य जरूरी कागजात की जांच की जा रही है। बिना नंबर प्लेट के वाहनों तथा संदिग्ध या लावारिस अवस्था में खड़े वाहनों पर भी पुलिस की विशेष नजर है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल जांच करते हुए आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध की रोकथाम के लिए सार्वजनिक स्थानों, बैंक परिसरों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story