डिजिटल डेटा प्रबंधन और पीएम-राहत योजना के तहत प्रशिक्षण
नई टिहरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं के त्वरित निवारण, डिजिटल डेटा प्रबंधन और पीएम-राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
सोमवार को पुलिस लाइन चंबा में जिले में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण और उनके प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से इंटीग्रटेड रोड एक्सीडेंट डाटाबेस पोर्टल के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने व डेटा को ऑनलाइन आईआरएडी पोर्टल पर अपलोड करने के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।
इस पोर्टल में पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग आपस में जुड़े है, जिसके द्वारा सड़क की जांच, रोड़ एजेंसी, गाड़ी की जांच व विक्टिम के पोस्टमार्टम सहित ड्रंकन ड्राइव, डिस्चार्ज रिपोर्ट, हॉस्पिटल जांच रिपोर्ट संबंधित विभाग को पोर्टल के माध्यम से सूचित करके ले सकते है। वहीं पीएम राहत प्रशिक्षण-सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को गोल्डन ऑवर के भीतर त्वरित चिकित्सा सहायता और योजना के तहत कैशलेस उपचार से जुड़ी प्रक्रियाओं में पुलिस की भूमिका व समन्वय पर जोर दिया गया। आ योजना के तहत सड़क दुर्घटना के प्रत्येक पीड़ित को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है।
पूरी प्रक्रिया में पुलिस और अस्पतालों के बीच इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट और ट्रांजैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए डिजिटल समन्वय स्थापित किया जाता है। प्रशिक्षण में एसआई राजेंद्र कुमार, सुनील कुमार, विनय शर्मा, सुषमा रावत, महावीर सिंह रावत, दीपक सिंह पंवार, साक्षी रावत, प्रियंका देवी, कांस्टेबल कल्पना चौहान, बबीता डोभाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

