तिरंगा लहराया, राष्ट्रगान गूंजा और गूंज उठा राष्ट्रसेवा का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगा लहराया, राष्ट्रगान गूंजा और गूंज उठा राष्ट्रसेवा का संकल्प


तिरंगा लहराया, राष्ट्रगान गूंजा और गूंज उठा राष्ट्रसेवा का संकल्प


पौड़ी गढ़वाल, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर पौड़ी पुलिस ने जनपदभर में राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया।

रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति का वातावरण गूंज उठा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, साहस और ईमानदारी के साथ राष्ट्रसेवा के पथ पर सदैव अग्रसर रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। इस अमूल्य स्वतंत्रता की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने पुलिस कार्मिकों से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और साहस के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही समाज में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने और आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने को प्रेरित किया।

इसी क्रम में गढ़वाल परिक्षेत्र कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) अनूप काला तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस उपाधीक्षक पौड़ी तपेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण किया गया। जनपद के सभी थाना, चौकी एवं फायर स्टेशनों में भी प्रभारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया गया। इस दौरान पुलिस कार्मिकों ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story