विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने रखा दो मिनट का मौन

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 14 अगस्त (हि.स.)। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त 2026 को जनपद पौड़ी के समस्त थाना एवं चौकी परिसरों, रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी तथा पुलिस कार्यालय पौड़ी में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर विभाजन की त्रासदी में प्रभावित हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौन के माध्यम से विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और अपनों से बिछड़ने का दंश झेलने वाले लोगों को स्मरण किया गया। इस अवसर पर शांति, सौहार्द, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय की याद दिलाता है, जिसने असंख्य परिवारों को गहरे संकट और पीड़ा से गुजारा। यह दिवस हमें मानवता, एकता एवं सद्भाव के मूल्यों को मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी त्रासदियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सजग रहने की प्रेरणा देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story