अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज के लिए ट्रायल से हुआ खिलाड़ियों का चयन

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली उत्तराखंड राज्य की टीमों के लिए जिले के विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए गए। चयनित टीमें अब विभिन्न स्थानों पर होने वाले खेलों में शिरकत करेगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम मुनिकीरेती में बीते 30 सितम्बर को लॉन टेनिस, वेटलिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग, वॉलीबाल, बास्केटबाल, तैराकी, कुश्ती, जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर में कैरम, चेस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस के चयन ट्रायल हुए। वहीं शनिवार को एथलेटिक्स, बास्केटबाल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, योग, पुरुष व महिला वर्ग के लिए, क्रिकेट एवं फुटबाल पुरुष वर्ग के लिए आदि खेलों के जिला स्तरीय ट्रायल संपन्न हुए। अब चयनित खिलाड़ियों का 7 और 8 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से आयोजित राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग कराया जाएगा।

राज्य स्तरीय ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं के लिए उत्तराखंड की टीम का चयन होना है। बताया कि चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों के लिए विभागीय अनुमति, अनापत्ति प्रमाण पत्र, विभागीय आईडी, मोबाइल नंबर, ई-मेल, पंजीकृत चिकित्सक से जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story