वन्यजीव को बचाने के प्रयास में पिकअप पलटी, सड़क किनारे खड़े ग्रामीण की मौत

WhatsApp Channel Join Now
वन्यजीव को बचाने के प्रयास में पिकअप पलटी, सड़क किनारे खड़े ग्रामीण की मौत


नैनीताल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद के कोटाबाग विकासखंड के कोटाबाग-बांसी मार्ग पर रविवार रात अड़िया के पास हुई एक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। बताया गया है कि अचानक सामने आये वन्यजीव को बचाने के प्रयास में एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गयी और वाहन की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़े 53 वर्षीय तारा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। चिकित्सालय ले जाने के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांसी निवासी गणेश सिंह रविवार रात पिकअप से कोटाबाग से बांसी की ओर जा रहे थे। अड़िया के पास अचानक वाहन के सामने वन्यजीव आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पिकअप सड़क किनारे खड़े बांसी निवासी तारा सिंह को टक्कर मारने के बाद पलट गयी। दुर्घटना में तारा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल तारा सिंह को बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।

मल्लीताल कोतवाली प्रभारी राजेंद्र रावत ने सोमवार को बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। परिजनों को बुलाकर पंचनामे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story