अवैध वसूली को लेकर व्यवसाई आक्रोशित
गुप्तकाशी, 09 मई (हि.स.)। सीतापुर पार्किंग में अवैध वसूली और अन्य समस्याओं का 2 दिनों में निस्तारण ना होने की दशा में केदार धाम होटल ओनर्स एसोसिएशन ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसोसिशन ने उत्तराखंड के पर्यटन सचिव को ज्ञापन प्रेषित करते हुए सीतापुर पार्किंग में संचालक द्वारा वाहन चालक और तीर्थयात्रियों से मनमाना किराया वसूलने और एग्रीमेंट के इतर कार्य करने का भी आरोप लगाया है। ज्ञापन में कहा गया की बड़े वाहनों हेतु 8 घंटे के लिए तय तीन सौ के स्थान पर एक या दो घंटा अतिरिक्त होने पर तीन गुना शुल्क वसूला जा रहा है। वेटिंग एरिया को सोने का अड्डा बनाया गया है।
कई चालकों से 2 घंटे से 24 घंटे के बीच में वाहन पार्किंग के लिए ₹900 भी वसूले जा रहे हैं। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि प्रवेश द्वार पर उक्त पार्किंग के संचालन, प्रवास, दुकान आवंटन, खाना बनाने संबंधी किसी भी प्रकार की स्पष्ट कीमतों की सूची उपलब्ध नहीं है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पार्किंग संचालकों द्वारा यात्रियों से मोबाइल चार्जिंग के लिए भी पैसा वसूला जा रहा है। पर्यटन सचिव को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया एग्रीमेंट के अनुसार एक रजाई और गद्दे की प्रति व्यक्ति से ₹100 शुल्क का प्रावधान है, वही संचालक इसके एवज में 250 वसूल रहे हैं। पार्किंग स्थल में जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हैं। तीर्थयात्रियों के सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि यदि आगामी 2 दिन के अंतराल में उक्त समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया ,तो क्षेत्रीय जनता तथा होटल एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारी और सदस्य उग्र आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे। ज्ञापन में अध्यक्ष धर्मेश नौटियाल और सचिव मनोज सेमवाल के हस्ताक्षर मौजूद हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

