नौ साल बाद देवर खडोरा में लौटी पांडव नृत्य की रौनक

WhatsApp Channel Join Now
नौ साल बाद देवर खडोरा में लौटी पांडव नृत्य की रौनक


गोपेश्वर, 29 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिले के देवर खडोरा गांव में नौ साल बाद एक बार फिर पांडव नृत्य की धूम मची हुई है। पांडव देवता मंचन समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने गांव की रौनक बढ़ा दी है।

पांडव नृत्य में प्रतिभाग करने और देवताओं का आशीर्वाद लेने के लिए प्रवासी ग्रामीण भी अपने पैतृक गांव लौटे हैं। लंबे समय बाद गांव में एक साथ जुटे ग्रामीणों के चलते इन दिनों पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। सुबह से देर शाम तक पांडव नृत्य देखने के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।

इस बार पांडव नृत्य में 82 वर्षीय नरेंद्र सिंह कठैत विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वह सहदेव के पश्वा हैं। उम्र के इस पड़ाव में भी उनके पांडव नृत्य को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से लोग पहुंच रहे हैं। उनके नृत्य के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहकर इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं।

पांडव देवता मंचन समिति के संरक्षक विजय सिंह सरांई और अध्यक्ष मनमोहन कठैत ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से नौ साल बाद पांडव नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से तैयारियां की। आयोजन में प्रवासी ग्रामीणों की भागीदारी भी उत्साहजनक है। गांव से बाहर रहने वाले लोग भी पांडव नृत्य में शामिल होने के लिए अपने घर पहुंचे हैं। इससे गांव में लंबे समय बाद सामूहिक मेल-मिलाप और उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि पांडव लीला में विभिन्न पात्रों के पश्वा अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इसमें द्रौपदी की पश्वा जुपली देवी, अर्जुन के पश्वा मोहन सिंह और भीम के पश्वा सुरेंद्र सिंह सरांई हैं। वहीं सहदेव के पश्वा नरेंद्र सिंह कठैत अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पांडव नृत्य गांव की सामूहिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा आयोजन है। नौ साल के अंतराल के बाद इसके आयोजन से नई पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। आयोजन समिति में सचिव उम्मेद सिंह रावत, समित नेगी और कोषाध्यक्ष अमर सिंह रावत के साथ ही गांव के अन्य ग्रामीण व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।

समिति ने क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं से देवर खडोरा पहुंचकर पांडव नृत्य में शामिल होने तथा देवताओं का आशीर्वाद लेने की अपील की है।

लोक संस्कृति और आस्था का प्रतीक है पांडव नृत्य

गढ़वाल की लोक संस्कृति में पांडव नृत्य का विशेष स्थान है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान या मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि महाभारत की कथाओं, लोक आस्था और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। ढोल-दमाऊं की थाप और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच पांडवों के पश्वाओं का नृत्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराता है। इस परंपरा में ग्रामीण सामूहिक रूप से जुटकर अपने आराध्य देवताओं का स्मरण और पूजन करते हैं।

पांडव नृत्य के आयोजन से गांवों में आपसी मेलजोल, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता भी मजबूत होती है। खास बात यह है कि ऐसे आयोजनों के जरिए नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story