पाल में आई विनाशकारी आपदा के चलते बड़कोट में तीज महोत्सव स्थगित

WhatsApp Channel Join Now

उत्तरकाशी, 05 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ एवं आपदा से हुई जनहानि पर दुख व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय गोरखाली समुदाय की बड़कोट इकाई ने इस वर्ष आयोजित होने वाले हरितालिका तीज महोत्सव को स्थगित करने का निर्णय लिया है।

शुक्रवार को नगरपालिका बड़कोट में प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) दिनेश राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक में पदाधिकारियों ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने और जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। निर्णय लिया गया कि तीज पर्व पर सभी परिवार परंपरानुसार व्रत रखेंगे, लेकिन इस अवसर पर किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य एवं गायन का आयोजन नहीं किया जाएगा।

तीज महोत्सव को पूरी तरह स्थगित रखने पर सहमति बनी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 सितंबर को सभी परिवार नेपाल आपदा में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त करेंगे। साथ ही आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए समुदाय के परिवारों से सहयोग राशि एकत्र की जाएगी।

पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से इस मानवीय पहल में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) दिनेश राणा, जिला युवा अध्यक्ष अमर राणा, नौगांव ब्लॉक अध्यक्ष टीकाराम, ब्लॉक अध्यक्ष विजयलक्ष्मी, ब्लॉक महासचिव हीरा देवी, कोषाध्यक्ष नैना देवी, प्रचार मंत्री सुनीता देवी, संगठन मंत्री तनूजा, मीडिया प्रभारी मन्नू (ममता), उपाध्यक्ष बिना देवी, सह सचिव सुनीता देवी, सलाहकार विमला देवी तथा बड़कोट नगर अध्यक्ष संतोषी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story