अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर नैनीताल चिड़ियाघर में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं
नैनीताल, 29 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर प्राणी उद्यान यानी नैनीताल चिड़ियाघर में प्राणी उद्यान के निदेशक प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं सेंट मेरी कॉन्वेंट कॉलेज रैमनी के विद्यार्थियों ने हिमालयन बॉटेनिकल गार्डन नारायणनगर का शैक्षणिक भ्रमण कर बाघ संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा तथा पादप विविधता की जानकारी प्राप्त की। दोनों कार्यक्रमों में कुल 110 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्राणी उद्यान के सभागार में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा तीन से पांच तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के प्रथम चरण में वस्तुनिष्ठ परीक्षा कराई गई, जबकि दूसरे चरण में छह विद्यालयों के चयनित प्रतिभागियों के बीच मौखिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर और मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर, नैनीताल संयुक्त रूप से प्रथम, राधा चिल्ड्रन एकेडमी द्वितीय तथा ऑल सेंट्स कॉलेज तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का संचालन बायोलॉजिस्ट अनुज कांडपाल ने किया।
दूसरी ओर सेंट मेरी कॉन्वेंट कॉलेज के जीव विज्ञान के विद्यार्थियों को वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल और बॉटेनिस्ट डॉ. रजनी रावत ने हिमालयन बॉटेनिकल गार्डन में पादप विविधता, प्राकृतिक आवास, बाघ संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर प्राणी उद्यान की उप निदेशक स्वाति, वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, वन आरक्षी जुगल किशोर, वन आरक्षी नीरज कुमार, सिस्टम एनालिस्ट आनंद सिंह, फार्मासिस्ट विक्रम मेहरा, प्रियंका तथा प्राणी उद्यान के कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

