पीपलकोटी में अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

WhatsApp Channel Join Now

गोपेश्वर, 29 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिले के पीपलकोटी में अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। रविवार को कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने और काफी आवाज लगाने के बावजूद नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अन्य सेल्समैन, मकान मालिक और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया तो अंदर सुरेश कुमार का शव पंखे से लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

वर्चुअल थाना पुलिस के अनुसार, रविवार को चैकी पीपलकोटी को सूचना मिली कि अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक सुरेश कुमार अपने कमरे में मौजूद हैं, लेकिन आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चैकी पीपलकोटी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया।

इसके बाद दुकान के अन्य सेल्समैन, मकान मालिक और स्थानीय लोगों को मौके पर बुलाकर उनकी मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया। कमरे के अंदर सुरेश कुमार का शव पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतारा। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली और अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मौके की आवश्यक जानकारी जुटाई और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल कमरे में शव मिलने के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story