नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाल के बीच विवाद ने पकड़ा तूल,कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे लोग

WhatsApp Channel Join Now
नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाल के बीच विवाद ने पकड़ा तूल,कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे लोग


हल्द्वानी, 11 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल जिले के लालकुआं में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली प्रभारी के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। कोतवाल पर अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में पूर्व सैनिक संगठन और स्थानीय लोगों ने कोतवाली के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भेजे शिकायती ज्ञापन में आरोप लगाया कि मंगलवार काे आजाद नगर के वार्ड संख्या चार में सीओ कार्यालय रोड पर सिद्धार्थ ऑप्टिकल के समीप पराल से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विद्युत पोल को टक्कर मार दी। इससे पोल और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से घटना की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को वाहन रोकने के लिए कहा। आरोप है कि कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने घटना की जानकारी लेने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की।

ज्ञापन में अध्यक्ष ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ पुलिस अधिकारी का इस तरह का व्यवहार उनकी गरिमा और सम्मान के विरुद्ध है। इससे उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा है।

उन्होंने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित कोतवाल और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

उधर, कोतवाली के बाहर धरना शुरू होने से मामला और गरमा गया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी होने तक अपना विरोध जारी रखने के संकेत दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story