व्यापक जनहित के खिलाफ है मुनिकीरेती में डीएम कैंप कार्यालय खोलनाः बार एसोसिएशन

WhatsApp Channel Join Now
व्यापक जनहित के खिलाफ है मुनिकीरेती में डीएम कैंप कार्यालय खोलनाः बार एसोसिएशन


नई टिहरी, 05 सितंबर (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन ने डीएम टिहरी के कैंप कार्यालय मुनिकीरेती में खोले जाने का कडा विरोध करते हुए इसे अव्यावहारिक बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर तत्काल इसे निरस्त करने की मांग की है।

शनिवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत के नेतृत्व में अधिवक्ताओं और कार्यकारिणी ने एकत्रित होकर जिले के एक कोने में मुनिकीरती में डीएम टिहरी के कैंप कार्यालय खोले जाने का कड़ा विरोध जताया। कहा कि यह ऋषिकेश से लगा हुआ है। जिससे टिहरी का अहित हो रहा है। वहां पर नरेंद्रनगर के अलावा किसी भी ब्लॉक के लिए सुलभ नहीं है। वहां पर कैंप कार्यालय बनाना सरकारी धन का दुरुपयोग है।

पुरानी टिहरी से नई टिहरी विस्थापन के समय भी लोगों ने डीएम कार्यालय को नई टिहरी संचालन होने के वादे पर ही यहां बसे थे। प्रतापनगर, भिलंगना, जौनपुर, थौलधार, जाखणीधार, कीर्तिनगर, चंबा सहित देवप्रयाग ब्लॉक के लिए भी मुनिकीरेती अलग-थलग है। ऐसे में यदि फरियादी नई टिहरी पहुंचता है, उस दौरान डीएम अपने कैंप कार्यालय में हो तो वे कैसे अपनी समस्याएं बताएंगे। ऐसे में जनहित को देखते हुए इसे तत्काल निरस्त किया जाए। ज्ञापन पर सचिव चंद्रभान राणा, मृदुला जैन, आनंद बेलवाल, शांति भट्ट, देवेंद्र दुमोगा, सोहन रावत, अरविंद सिंह आदि के हस्ताक्षर थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story