साइबर स्टॉकिंग से बचने को डिजिटल सतर्कता जरूरी

WhatsApp Channel Join Now
साइबर स्टॉकिंग से बचने को डिजिटल सतर्कता जरूरी


पौड़ी गढ़वाल, 23 सितंबर (हि.स.)।एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के सभागार में बुधवार को स्टॉकिंग एवं साइबर स्टॉकिंग की रोकथाम को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित हुई। उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि डिजिटल दौर में स्टॉकिंग का स्वरूप भी बदल रहा है। सोशल मीडिया, फर्जी प्रोफाइल, ई-मेल और मैसेज के जरिए होने वाले ऑनलाइन उत्पीड़न से बचने के लिए युवाओं को डिजिटल रूप से सजग रहना होगा।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का बार-बार पीछा करना, अनचाहा संपर्क करना या मानसिक रूप से परेशान करना स्टॉकिंग के दायरे में आता है। वहीं डिजिटल माध्यमों से लगातार निगरानी, संपर्क अथवा निजी जानकारी का दुरुपयोग साइबर स्टॉकिंग का रूप ले सकता है। ऐसे मामलों में चुप रहने के बजाय समय पर शिकायत करना जरूरी है। कार्यशाला में साइबर सेल की टीम ने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर अपराध से बचाव और शिकायत की प्रक्रिया की जानकारी दी।

कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह और महापौर आरती भंडारी ने भी डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार इस्तेमाल और बच्चों व युवाओं की ऑनलाइन सुरक्षा पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story