31 ग्राम स्मैक के साथ ऋषिकेश का एक अभियुक्त गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
31 ग्राम स्मैक के साथ ऋषिकेश का एक अभियुक्त गिरफ्तार


नई टिहरी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने नई टिहरी-कोटी कालोनी मार्ग पर खाड़खाला के समीप एक युवक को 31 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है।

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में जिलेभर में पुलिस नशा और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाए हुए है। इसी कड़ी में बीते मंगलवार शाम को बीपुरम चौकी पुलिस की ओर से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गौतम (26) पुत्र कली राम निवासी शांति नगर ऋषिकेश की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 31 ग्राम अवैध स्मैक मिली।

बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत 9.30 लाख रुपये बताई जा रही है। अब पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने जा रही है। पुलिस टीम में एसआई बलवीर रावत, अरविंद सेमवाल, मुकेश सैनी मौजूद थे। इधर, घनसाली और कंडीसौड़ छाम पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों की तामील करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी श्वेता ने बताया कि घनसाली थाना पुलिस ने राकेश सिंह निवासी मोलनो गांव पौखाल और कंडीसौड़ छाम थाना पुलिस ने शक्ति सिंह निवासी सुनार गांव को गिरफ्तार किया है।

राकेश सिंह को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। शक्ति सिंह को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नशे के खिलाफ लगातार चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760621 Articles

Share this story