विश्व दिव्यांग दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
विश्व दिव्यांग दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित


पौड़ी गढ़वाल, 3 दिसंबर (हि.स.)। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय पौड़ी में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।

समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों व स्वरोजगारियों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु चयनित 2 दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों में शिक्षा विभाग की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रक्षा नेगी और पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी मनीष रावत और 3 दक्ष दिव्यांग स्वरोजगारियों में सूरज कुमार (सीएससी सेवाएं), दीपक (बकरी पालन) और सुभम जोशी (फैब्रिकेशन कार्य) को 8-8 हजार रुपये की धनराशि, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। जबकि 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण दिए गए व 9 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किये गये।

दक्ष दिव्यांग कर्मचारी व स्वरोजगारियों ने विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के सम्मान को लेकर इस पहल की सराहना करते हुए सरकार को धन्यवाद दिया। मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी ने कार्यक्रम में उपस्थित दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी क्षमताएँ किसी भी प्रकार से कम नहीं आँकी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास, प्रशिक्षण, रोजगार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित जो योजनाएं चलायी जा रही हैं, वे न केवल उनकी प्रतिभा और दक्षता को आगे बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर भी अग्रसर कर रही हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि शासन-प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों के लिए सार्वभौमिक पहुंच, आवश्यक उपकरण, तकनीकी सहायता, शिक्षण-प्रशिक्षण सुविधाओं और आर्थिक सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस समाज में दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकारों और गरिमा को सशक्त रूप से स्थापित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहे हैं, और उनके योगदान का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाजिश कलीम ने बताया कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की रक्षा तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story