गणित व गणितीय विज्ञानों के विविध समकालीन विषयों पर किए शोध पत्र प्रस्तुत

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 06 जून (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर पौड़ी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गणित सम्मेलन में शनिवार को भारत एवं विदेशों के प्रतिष्ठित गणितज्ञों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।

सम्मेलन के अंतिम दिवस आयोजित तकनीकी सत्रों में गणित एवं गणितीय विज्ञानों के विविध समकालीन विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। ऑनलाइन एवं ऑफलाइन सत्रों में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने गणितीय मॉडलिंग, फिक्स्ड पॉइंट थ्योरी, फ्रैक्शनल कैलकुलस, टाइम स्केल कैलकुलस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता व अनुप्रयुक्त गणित के नवीन आयामों पर अपने विचार रखे।

शनिवार को सम्मेलन के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पौड़ी परिसर के पूर्व निदेकशक प्रो. पीपी बड़ोनी ने गणितीय अनुसंधान के महत्व व युवा शोधकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। समापन समारोह में विज्ञान परिषद् ऑफ इंडिया द्वारा यंग साइंटिस्ट बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवार्ड्स-2026 के परिणामों की घोषणा करते हुए शुद्ध गणित में पौड़ी परिसर के शैलेंद्र रावत व अनुप्रयुक्त गणित में सौरव कुमावत विजयी रही।

अंतर्विषयी गणित में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की शिखा त्रिपाठी ने बाजी मारी। इस अवसर पर सम्मेलन सचिव एवं पौड़ी परिसर निदेशक प्रो. उमेश चन्द्र गैरोला, विज्ञान परिषद् ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रो. अवनीश कुमार, सम्मेलन संरक्षक प्रो. एसएल सिंह ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि विज्ञान परिषद ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रो. हेमंत कुमार, सचिव डा. एसएस चौहान, प्रो. राजेश डंगवाल, स्मृति कंडारी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story