उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग होंगे सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 22 दिसंबर (हि.स.)। समलौंण संस्था द्वारा 25जनवरी को राठ महाविद्यालय पैठाणी में राठ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

महोत्सव को धूमधाम से मनाए जाने को लेकर समलौंण संस्था की बैठक हुई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि महोत्सव में पर्यावरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी, अखिलेश जोशी, पवन पटवाल, जनपद अल्मोड़ा से श्याम सिंह गुसांई को समलौंण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर राठ महाविद्यालय पैठाणी के प्राचार्य डा. जितेंद्र नेगी, माध्यमिक संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में अनुसूया सुंद्ररियाल, प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर सुनील कुमार गौड़ को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ-साथ पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समलौण सेना नायिका सीमा देवी ख॑कंरियाल, गीता देवी पोखरियाल को समलौंण राठ मातृशक्ति सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव के संयोजक मातबर सिंह बर्त्वाल ने कहा कि लुप्त होती संस्कृति को पुनर्जीवित करने पर्यावरण पर आधारित थड़िया चौ॑फला को प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष मनोज रौथाण ने कहा कि कार्यक्रम में पर्यावरण, शिक्षा आदि क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के संस्थापक बीरेंद्र दत्त गोदियाल ने कहा कि राठ महोत्सव की शुरुआत 16जनवरी 2016 से हुई। जिसमें क्षेत्र की पर्यावरण के प्रति काम करने वाली समलौण सेनाएं, महिला मंगल दल आकर मेले में प्रतिभाग करती हैं। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष मुकेश नौड़ियाल, कोषाध्यक्ष नत्थीराम नौड़ियाल, रामकृष्ण नौटियाल, विक्रम सिंह कंडवाल, गजेंद्र सिंह रावत, दिनेश ख॑कंरियाल, गीताराम पंत आदि शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story