पौड़ी में अंबेडकर छात्रावास के पास जंगल की आग से मचा हड़कंप, समय रहते टला बड़ा हादसा

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में अंबेडकर छात्रावास के पास जंगल की आग से मचा हड़कंप, समय रहते टला बड़ा हादसा


पौड़ी गढ़वाल, 22 मई (हि.स.)। जंगलों की आग अब रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगी है। शुक्रवार को पौड़ी-कोटद्वार रोड पर अंबेडकर छात्रावास के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक जंगल और झाड़ियों में भीषण आग भड़क उठी। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। आग की लपटें सड़क किनारे तक पहुंचने लगी थीं और खतरा छात्रावास व आसपास के रिहायशी इलाके तक मंडराने लगा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

दोनों विभागों के कर्मचारियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। आग की वजह से आसपास का वन क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के दौरान सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। धुएं के गुबार से कुछ देर तक आवाजाही प्रभावित रही। वन विभाग ने लोगों से जंगलों और सड़क किनारे आग न लगाने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है। गर्मी बढ़ने के साथ ही वनाग्नि की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे वन संपदा और जनजीवन दोनों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मेहताब अली ने बताया कि पौड़ी-कोटद्वार मार्ग पर अंबेडकर छात्रावास के पास जंगल में लगी आग पर वन विभाग के साथ मिलकर काबू पाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story