मतदान की शिकायत पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष निष्कासित

WhatsApp Channel Join Now

गोपेश्वर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। छात्रसंघ चुनाव के दौरान संगठन के निर्देशों के विपरीत गतिविधियों में शामिल होने की शिकायत पर एनएसयूआई चमोली के जिलाध्यक्ष विपिन फरसवान को पद से निष्कासित कर दिया गया है। एनएसयूआई उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने तत्काल प्रभाव से निष्कासन का आदेश जारी किया।

संगठन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि छात्र महासंघ चुनाव के दौरान फरसवान के एबीवीपी के पक्ष में मतदान कराने संबंधी शिकायतें और तथ्य संगठन के संज्ञान में आए। इसे संगठनात्मक निर्देशों के विपरीत गतिविधि और अनुशासन का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की गई।

आदेश के अनुसार निष्कासन के बाद विपिन फरसवान एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष पद, नाम, पदनाम अथवा उससे जुड़े अधिकारों का किसी भी रूप में इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।

हालांकि,संगठन के आदेश में शिकायतों और तथ्यों का उल्लेख किया गया है,लेकिन इनके संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। उत्तराखंड में हाल में संपन्न छात्रसंघ चुनावों में विभिन्न कॉलेजों में एबीवीपी, एनएसयूआई और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story