राज्यपाल से मिले एनएसएस स्वयंसेवक

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल से मिले एनएसएस स्वयंसेवक


देहरादून, 21 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह से मंगलवार को लोक भवन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने मुलाकात की। ये स्वयंसेवक 26 जनवरी को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साथ ही राष्ट्रपति से सम्मानित एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी मुलाकात की।

राज्यपाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सेवा भावना के साथ एनएसएस से जुड़ना युवाओं के लिए गौरव और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड जैसे अंतरराष्ट्रीय महत्व के मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व करना अत्यंत सम्मानजनक उपलब्धि है।

राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि लाखों युवाओं में से चुनिंदा लोगों को ही प्राप्त होती है और यह न केवल व्यक्तिगत सफलता, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने युवाओं से समाज में ‘ब्रांड एंबेसडर’ की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे एनएसएस के मूल सिद्धांत सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व को जन-जन तक पहुंचाएं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरक बनने की सलाह दी।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक समरदीप सक्सेना, राज्य एनएसएस अधिकारी सुनैना रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story