हाईवे चौड़ीकरण की समस्याओं के समाधान को समय सीमा की तय

WhatsApp Channel Join Now
हाईवे चौड़ीकरण की समस्याओं के समाधान को समय सीमा की तय


नई टिहरी, 07 अगस्त (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की ओर से उठाई समस्याओं पर चर्चा करते हुए डीएम ने जरूरी निर्देश जारी किए।

शुक्रवार को जिला सभागार में डीएम नितिका ने एनएच के मामलों में बीआरओ को त्वरित कार्रवाई करते हुए समयबद्ध अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। कहा कि जिन मामलों में जरूरी हो वहां पुलिस का सहयोग लें। एनएच-34 पर ग्राम कुनेर की प्रधान रवीना देवी ने हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान गांव के नीचे की गई कटिंग के कारण भवनों में दरारें आने से गांव को खतरा होने की शिकायत की। कहा अधूरी कटिंग कर कार्य बंद कर दिया हैं डीएम ने 15 दिनों के भीतर सर्वे कर धर्मराज कंस्ट्रक्शन से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में स्लोप ट्रीटमेंट के निर्देश दिए।

कैंच्छू के अतर सिंह ने अधिक भूमि लिए जाने की शिकायत पर डीएम ने एसीएम नीलू चावला को निर्देश दिए कि ग्रामीण के साथ बैठक कर रिपोर्ट दें। नवागांव निवासी रविंद्र भंडारी ने बताया कि हाईवे चौड़ीकरण के दौरान ग्राम कौशल में मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। बौर के नत्थी सिंह ने सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से खेत, फसल एवं पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है। मंज्यूड की प्रधान रानी नेगी ने सड़क चौड़ीकरण से क्षतिग्रस्त भूमि एवं भवनों के प्रतिकर का मामला उठाया।

डीएम ने भू-वैज्ञानिक, बीआरओ और लोनिवि चंबा के ईई की संयुक्त समिति गठित करने के निर्देश दिए। गुल्डी की नीलम सजवाण ने टनल के पास रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड ब्रेकर व सड़क के मध्य डिवाइडर स्टड लगाने की मांग की। बीआरओ ने 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा करने की बात कही। स्यांसू निवासी गोबर सिंह रावत ने बताया कि मकान के ऊपर कलवर्ट, नाले व सुरक्षा दीवार का निर्माण अधूरा पड़ा है। डीएम ने बीआरओ को 15 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कई अन्य प्रकरण पर भी चर्चा हुई। बैठक में एडीएम शैलेंद्र नेगी, सीओ महेश लखेड़ा, बीआरओ के कमांडर राज किशोर, सुमित वर्मा, केसी नौटियाल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story