महिला एवं बाल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: निवेदिता

WhatsApp Channel Join Now
महिला एवं बाल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: निवेदिता


नैनीताल, 09 जून (हि.स.)। कुमाऊं परिक्षेत्र की नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने कहा है कि महिला एवं बाल सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। साथ ही सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।

आज कार्यभार ग्रहण करने के बाद कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटन सत्र तथा कैंचीधाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के कारण यातायात प्रबंधन बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इस चुनौती से निपटने के लिए पुलिस विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों एवं निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story