नरबलि टिप्पणी मामले में विधायक हरीश धामी सहित अन्य के खिलाफ FIR की मांग

WhatsApp Channel Join Now
नरबलि टिप्पणी मामले में विधायक हरीश धामी सहित अन्य के खिलाफ FIR की मांग


हल्द्वानी , 16 नवंबर (हि.स.)। जौलजीबी मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का मामला तूल पकड़ने लगा है। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर आर्य ने धारचूला विधायक हरीश धामी सहित अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने 16 नवंबर को हल्द्वानी कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है।शिकायत में समीर आर्य ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो और अन्य सामग्री का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौटने के बाद विधायक हरीश धामी और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और हिंसात्मक भाषा का इस्तेमाल किया।

आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी देने के साथ ही नरबलि जैसी बातें भी कही गईं।शिकायत में कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध और सरकार की आलोचना करना हर व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देना और हिंसात्मक भाषा का प्रयोग करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और वीडियो में दिखाई व सुनाई दे रहे लोगों की भूमिका की पहचान करने की मांग की है। साथ ही आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज करने का अनुरोध किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story