नैनीताल, भीमताल, भवाली में एआई कैमरों से हाईटेक निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल, भीमताल, भवाली में एआई कैमरों से हाईटेक निगरानी


हल्द्वानी , 24 अप्रैल (हि.स.)। पर्यटन नगरी नैनीताल, भीमताल और भवाली में अब सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए हाईटेक व्यवस्था लागू की जा रही है।

कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और आई आधारित कैमरों के माध्यम से प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों की निगरानी की जाएगी। विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 33 लाख रुपये की लागत से इन कैमरों को स्थापित किया जाएगा।

इससे वाहनों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी, जिससे ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। साथ ही शहर में प्रवेश और निकास करने वाले वाहनों का पूरा डेटा वैज्ञानिक तरीके से डेटा सेंटर में उपलब्ध रहेगा, जिसे मोबाइल के माध्यम से भी मॉनिटर किया जा सकेगा।

आयुक्त ने बताया कि नैनीताल शहर में पहले से संचालित कैमरों के जरिए नगर पालिका द्वारा वसूले जा रहे टोल टैक्स की भी निगरानी संभव है, जिससे राजस्व प्रणाली में पारदर्शिता लाई जा सकेगी। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि कैंचीधाम गेट के पास 15 जून 2026 को प्रस्तावित मेले से पहले कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की सटीक संख्या का आंकलन किया जा सके।

बैठक के दौरान इसके लिए आवश्यक धनराशि भी स्वीकृत कर दी गई। शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में पुलिस विभाग द्वारा नैनीताल, भवाली और कैंचीधाम क्षेत्रों में कैमरों के जरिए वाहनों की मॉनिटरिंग से संबंधित डेटा प्रस्तुति दी गई। पिछले 24 घंटे में हल्द्वानी से नैनीताल 3958 वाहन पहुंचे, जबकि नैनीताल से हल्द्वानी 1577 वाहन आए। वहीं भवाली से नैनीताल 2540 और नैनीताल से भवाली 2323 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। बैठक में एएसपी आरडी मठपाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story