नंदा देवी महोत्सव 20 से, यूनेस्को की विश्व धरोहरों में शामिल करने के प्रयास

नंदा देवी महोत्सव 20 से, यूनेस्को की विश्व धरोहरों में शामिल करने के प्रयास


नैनीताल, 18 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल के नंदा देवी महोत्सव की इस वर्ष की शुरुआत 20 सितंबर से होने जा रही है। वर्ष 1926 से नगर में यह आयोजन कर रही नगर की धार्मिक-सांस्कृतिक संस्था श्रीराम सेवक सभा की ओर से सोमवार को दी।

इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया गया कि दो विश्व यु़द्धों एवं कोरोना जैसी विभीषिकाओं के बावजूद लगातार हो रहे महोत्सव को इस वर्ष जिला प्रशासन की ओर से अभिलेखित किया जाएगा और इस पर डॉक्यूमेंट्री भी तैयार की जायेगी। इसे वैश्विक संस्था यूनेस्को को भेजकर इसे विश्व धरोहरों की सूची में शामिल करने का प्रयास भी किया जायेगा। साथ ही महोत्सव को राज्य मेलों की डी श्रेणी से ए श्रेणी में लाने का भी प्रयास किया जायेगा।बताया गया कि महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट व विधायक सरिता आर्या के साथ जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी शामिल होंगे।

सभा के महासचिव जगदीश बवाड़ी व पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने बताया कि महोत्सव के दौरान 21 सितंबर को हल्द्वानी की चंद्रावती कॉलोनी से दो कदली दलों को लाकर उन्हें शोभायात्रा के साथ नगर भ्रमण कराया जायेगा। 22 सितंबर को माता नंदा-सुनंदा की सुंदर प्राकृत पर्वताकार मूर्तियों का निर्माण किया जायेगा। 23 सितंबर को नंदाष्टमी पर सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के साथ दर्शन होंगे और इस दिन से 26 सितंबर तक प्रतिदिन नयना देवी मंदिर में शाम 6 बजे से पंच आरती व प्रसाद वितरण तथा रात्रि में देवी पूजन व देवी भोग के कार्यक्रम होंगे। 27 सितंबर को माता का डोला यानी शोभायात्रा निकाली जायेगी।महोत्सव का सीधा प्रसारण भी दिखाया जायेगा।

पत्रकार वार्ता में डॉ. ललित तिवारी, विमल चौधरी, भीम सिंह कार्की व भुवन बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/नवीन जोशी/रामानुज

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story